YEIDA का बड़ा अभियान: 300 एकड़ भूमि अतिक्रमण से मुक्त, 1200 करोड़ की संपत्ति बचाईः-

अलीगढ़ः यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का बड़ा अभियान: 300 एकड़ भूमि अतिक्रमण से मुक्त, ₹1200 करोड़ की संपत्ति बचाई। मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर, ज़िलाधिकारी अलीगढ़ और एसएसपी अलीगढ़ के निर्देशन में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) द्वारा आज 14 अक्टूबर 2025 को व्यापक स्तर पर अवैध अतिक्रमण ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया।
YEIDA ने अतिक्रमण से मुक्त कराई 300 एकड़ भूमि, 1200 करोड़ की संपत्ति की सुरक्षाः-

यह अभियान विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में टप्पल, हामिदपुर और स्यारोल गांवों में संचालित किया गया। इस दौरान लगभग 300 एकड़ अधिसूचित भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब ₹1200 करोड़ आँकी गई है। कार्रवाई के दौरान द ग्रैंड कॉलोनाइजर और वृंदावन कॉलोनी जैसी कई अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया।

शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि अवैध अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कॉलोनाइज़रों पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने आम जनता को चेतावनी दी कि वे अवैध प्रॉपर्टी डीलरों से सतर्क रहें।
अभियान के दौरान कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहेः-

अभियान के दौरान विशेष कार्याधिकारी शिवअवतार सिंह, अभिषेक शाही, कृष्ण गोपाल त्रिपाठी, पुलिस क्षेत्राधिकारी महेश कुमार और धर्मेंद्र कुमार चौहान सहित अलीगढ़ जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और यीडा के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर – प्रतिक्षा सिंह
