भ्रष्टाचार में लिप्त दो सिपाही बर्खास्त, एसपी ने की कार्रवाईः-

बलरामपुर: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में स्थानीय व्यक्ति से जबरन धन वसूली करने के दोषी पाए जाने पर दो पुलिसकर्मियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। एसपी विकास कुमार ने बताया कि जरवा कोतवाली में तैनात आरक्षी ध्रुव चंद्र और राजू यादव के खिलाफ एक स्थानीय व्यक्ति से अवैध वसूली करने के आरोप में 4 सितंबर 2023 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की सुनवाई के बाद विशेष न्यायाधीश, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, गोरखपुर ने 21 जनवरी 2025 को दोनों कांस्टेबलों को सजा सुनाई थी। एसपी ने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत दोषी पाए जाने के बाद शनिवार को विभागीय कार्यवाही करते हुए दोनों को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के दंड एवं अपील नियमावली के तहत सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
रिपोर्टर – सुशील श्रीवास्तव
