भाजपा ने बस्ती विकास में शुल्क को लेकर किया हंगामा, प्राधिकरण और विजिलेंस पर अनियमितता के आरोप:-

बस्तीः भाजपा बस्ती जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने बस्ती विकास प्राधिकरण द्वारा लगाए जा रहे अत्यधिक विकास शुल्क, प्राधिकरण में व्याप्त अनियमितताओं तथा बिजली विभाग और विजिलेंस विभाग की कार्यप्रणाली में सामने आ रही समस्याओं को लेकर मंडलायुक्त अखिलेश सिंह को पत्र सौंपकर ठोस एवं त्वरित कार्रवाई की मांग की।
मंडलायुक्त को सौंपा गया पत्र, कार्रवाई की मांगः-
पत्र में जिलाध्यक्ष ने कहा कि विनियमित क्षेत्र बस्ती के विघटन के पश्चात गठित बस्ती विकास प्राधिकरण में नगर पालिका क्षेत्र सहित 217 ग्रामों को शामिल किया गया है, जहाँ अधिकांश आबादी गरीब, मध्यमवर्गीय एवं कृषक परिवारों की है। प्राधिकरण में शामिल होने के बाद भवन निर्माण, मरम्मत तथा जर्जर भवनों के पुनर्निर्माण जैसे आवश्यक कार्यों पर भी विकास शुल्क लगाया जा रहा है, जिससे आमजन पर अनावश्यक आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि विकास के नाम पर जनता पर आर्थिक दबाव बनाना न्यायसंगत नहीं है। जनहित को सर्वोपरि रखते हुए विकास शुल्क की व्यापक समीक्षा कर इसे यथासंभव न्यूनतम किया जाए तथा गरीब एवं कृषक परिवारों को विशेष राहत प्रदान की जाए।
मंडलायुक्त ने दिए कार्रवाई के निर्देशः-
मंडलायुक्त अखिलेश सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। पत्र सौंपने वालों में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नेहा वर्मा, ब्लॉक प्रमुख बस्ती सदर श्री राकेश श्रीवास्तव, ब्लॉक प्रमुख श्री अभिषेक कुमार, बलराम सिंह, अंकुर वर्मा, अमृत कुमार वर्मा और गौरव अग्रवाल शामिल थे।
रिपोर्टर – जितेन्द्र कुमार त्रिपाठी
