गयाजी में बड़ा हादसा, तोप का गोला फटने से किशोर की मौत…

बाराचट्टी में दर्दनाक हादसा, फायरिंग रेंज में गोला फटने से किशोर की मौत:-

बिहार: गयाजी जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब फायरिंग रेंज के भीतर पड़े विस्फोटक सामग्री से तोप का गोला फट गया। इस दर्दनाक घटना में 14 वर्षीय एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर किया गया है। मृतक की पहचान सौरभ कुमार (14 वर्ष), पिता अनिल मांझी, ग्राम सेवई टोला जहाजवा, थाना बाराचट्टी के रूप में हुई है। वहीं घायल किशोर की पहचान मुकेश कुमार के रूप में की गई है। घटना शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से पहले की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों नाबालिग फायरिंग रेंज क्षेत्र में फायरिंग के बाद बचे वेस्टेज (धातु के टुकड़े आदि) चुनने गए थे। इसी दौरान वहां पड़ा एक जिंदा गोला अचानक फट गया।

विस्फोट इतना तेज था कि सौरभ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुकेश गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जानकारी के मुताबिक, बाराचट्टी का यह इलाका सेना और अर्धसैनिक बलों के अभ्यास के लिए नोटिफाइड फायरिंग रेंज है। 29 जनवरी से यहां फायरिंग प्रैक्टिस चल रही थी। राजगीर से आई सीआरपीएफ की एक बटालियन ने तीन दिनों के लिए रेंज बुक किया था। हालांकि जवान एक ही दिन में अभ्यास पूरा कर लौट गए थे। फायरिंग से पहले आसपास के गांवों में विधिवत सूचना देकर लोगों को प्रतिबंधित क्षेत्र में नहीं जाने की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद दोनों किशोर फायरिंग रेंज में वेस्टेज चुनने पहुंच गए, जहां यह हादसा हो गया। बाराचट्टी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जहां लोग फायरिंग रेंज में पड़े विस्फोटक अवशेषों को चुनने के लिए दोनों नाबालिक चले गए इसलिए इस तरह की घटना हो गई।

रिपोर्टर – अनिल कुमार चौधरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD