गैस सिलिंडर की कमी से ग्रेटर नोएडा में खाने की कीमतें आसमान पर, लोगों को परेशानी:-

ग्रेटर नोएडा: एलपीजी सिलेंडरों की कमी के बीच, महंगाई का असर अब शहर के रेस्तरांओं और भोजनालयों में साफ दिखाई दे रहा है। कई रेस्तरां मालिकों ने अपने मेनू में व्यंजन कम कर दिए हैं, जबकि कुछ ने पूरे दिन के बजाय केवल शाम के समय ही परोसना शुरू कर दिया है।
ग्राहकों से प्रति व्यंजन 10 से 30 रुपये अतिरिक्त लिए जा रहे हैं। पश्चिम एशिया में जारी तनाव ने व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को बुरी तरह प्रभावित किया है।
कुछ सुधार हुआ है, लेकिन समस्याएं अभी भी:-
हालांकि सोमवार से स्थिति में सुधार की उम्मीद है, लेकिन ग्रेटर नोएडा के अल्फा-1, जगतफार्म मार्केट, अल्फा-2 मार्केट और बीटा-2 मार्केट सहित कई इलाकों में रेस्तरां अभी भी सिलेंडर संकट से जूझ रहे हैं।
ब्लैक मार्केट में 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत पांच से छह हजार रुपये तक पहुंच गई है। इस समस्या से निपटने के लिए रेस्तरां मालिकों ने अपने मेनू को सीमित कर दिया है और लंबे समय तक पकाने वाले व्यंजनों को अस्थायी रूप से मेनू से हटा दिया है।
तंदूर में पके व्यंजनों को प्राथमिकता:-

जल्दी पकने वाले और कोयले की आंच पर तंदूर में पकाए जाने वाले व्यंजनों को प्राथमिकता दी जा रही है। कुछ जगहों पर थाली की कीमत 100 रुपये से बढ़ाकर 120 रुपये कर दी गई है। चाय, समोसे और पोहा जैसे स्ट्रीट फूड की कीमतों में भी 10 से 20 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
जगतफार्म स्थित साज चूल्हा रेस्टोरेंट के मालिक का कहना है कि सिलेंडरों की कमी के कारण रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। वे रेस्टोरेंट को केवल शाम के समय ही खोल रहे हैं।
अल्फा वन व्यावसायिक क्षेत्र में एक अन्य रेस्तरां मालिक ने सभी खाद्य पदार्थों की कीमतें बढ़ा दी हैं और पुराने मेनू पर नए मूल्य टैग लगा दिए हैं, जिससे उन कामकाजी ग्राहकों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं जो घर पर खाना पकाने के बजाय रेस्तरां पर निर्भर हैं।
