अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रक्सौल में अतिरिक्त वन स्टॉप सेंटर का भव्य उद्घाटन:-

बिहार: पूर्वी चंपारण के रक्सौल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अतिरिक्त वन स्टॉप सेंटर का उद्घाटन किया गया। इस केंद्र का उद्घाटन बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग के मंत्री श्री मदन साहनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। अनुमंडल पदाधिकारी रक्सौल श्री मनीष कुमार ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया।

इस केंद्र के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को कानूनी सहायता, चिकित्सा और परामर्श एक ही छत के नीचे मिलेगा, जिससे उन्हें न्याय के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। रक्सौल विधायक श्री प्रमोद सिंहा ने कहा कि यह केंद्र महिलाओं के लिए सुरक्षा कवच साबित होगा।

इस अवसर पर महिलाओं के साथ एक विशेष संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से राज्य और केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मंच संचालन जिला परियोजना प्रबंधक श्री वीरेंद्र राम द्वारा किया गया।

इस कार्यक्रम में अनुमंडल अस्पताल रक्सौल उपाधीक्षक, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, जिला मिशन समन्वक निधि कुमारी इत्यादि लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – कौशल किशोर तिवारी
