दलित युवक की हत्या: खेत की मेड़ से निकलने पर हुई मारपीट, कुएं में कूदकर दी जान:-

जालौन: जनपद जालौन के थाना एट क्षेत्र के ग्राम अकोड़ी बैरागढ़ से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक दलित युवक को खेत की मेड़ से निकलना इतना महंगा पड़ गया कि उसे अपनी जान गंवानी पड़ी। जानकारी के अनुसार, मृतक प्रदीप बरार (उम्र 23 वर्ष), पुत्र रिंकू बरार, गांव के बाहर खेत से गुजर रहा था। इसी दौरान वह कथित रूप से कलू पटेल पुत्र बारे पटेल की खेत की मेड़ से निकल गया। इसी बात को लेकर कलू पटेल एवं देव सिंह शिवहरे पुत्र संजय शिवहरे ने उसे रोककर बेरहमी से मारपीट की।

बताया जा रहा है कि पहली मारपीट के बाद घायल अवस्था में प्रदीप आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंचा, लेकिन वहां भी उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। लगातार हुई पिटाई और मानसिक आघात से टूटकर प्रदीप ने पास के कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और दलित सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदेश में “जीरो टॉलरेंस” की नीति के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती नजर आ रही है।

आखिर कब तक छोटी-छोटी बातों पर दलित समाज के लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ेगी?
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्टर – रणजीत गौतम
