लखनऊ में डबल डेकर बस पलटी, 5 की हुई मौत…

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हादसा, 45 घायल 67 चालान के बावजूद बस की रफ्तार 80 किमी/घंटा से ज्यादा तेज दौड़ रही थीः-

लखनऊः पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर लहराकर बस पलट गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, 45 लोग घायल हो गए। 28 घायलों को SGPGI के एपेक्स ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। इनमें 7 बच्चे, 12 पुरुष और 9 महिलाएं शामिल हैं। सोमवार को हादसे के बाद के फोटो-वीडियो सामने आए।

वीडियो में दिख रहा है कि क्रेन से बस को सीधा करते ही खिड़कियों से शव सड़क पर गिर गए। सड़क पर चारों ओर खून फैल गया। बस सीधी होने के बाद भी कुछ घायल और मृत यात्री खिड़कियों से लटके रहे। तस्वीरों में कई यात्रियों के हाथ-पैर शरीर से अलग दिखाई दे रहे हैं। एक छोटा-सा जूता खून से सना पड़ा मिला।

लुधियाना से मोतिहारी जा रही थी बसः-

बस लुधियाना (पंजाब) से मोतिहारी (बिहार) जा रही थी। हादसे के वक्त बस की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा बताई जा रही है। बस पलटते ही अफरा-तफरी मच गई। ड्राइवर और क्लीनर बस छोड़कर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया। क्रेन की मदद से बस को सीधा कर टोल प्लाजा तक ले जाया गया। पुलिस ने सफाईकर्मियों से सड़क पर लगे खून को साफ कराया।

मरने वालों में बीरेंद्र (30), अंजलि (8), प्रियांशु (15) के अलावा एक 6 साल का बच्चा और 30 साल का एक युवक शामिल है। यात्रियों का कहना है कि ड्राइवर ने हादसे से करीब आधे घंटे पहले ढाबे पर शराब पी थी। वहीं, कुछ यात्रियों का कहना है कि ड्राइवर को झपकी आने से हादसा हुआ। ड्राइवर सोमपाल हरियाणा के पानीपत जिले के नौल्था का है। वह गिरफ्तार है।

रिपोर्टर – प्रतिक्षा सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD