नोएडा में सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ…

गौतम बुद्ध नगर में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 का भव्य शुभारंभ:-

नोएडा: 01 जनवरी 2026: जनपद गौतम बुद्ध नगर में परिवहन विभाग द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 का शुभारंभ आज बड़े उत्साह के साथ किया गया। इस माह भर चलने वाले अभियान (01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक) का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम करना तथा नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अमित चौधरी द्वारा हरी झंडी दिखाकर दो दर्जन प्रचार वाहनों को रवाना करके किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों तथा नागरिकों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई।

यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयासः-

मुख्य अतिथि श्री अमित चौधरी ने अपने संबोधन में यातायात नियमों का पालन करने के लिए नागरिकों को प्रेरित करते हुए कहा कि “यातायात नियमों का पालन केवल जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी एवं दूसरों की जान बचाने के लिए करना चाहिए।” उन्होंने विशेष रूप से हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर जोर देते हुए ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ अभियान की सराहना की तथा ओवर स्पीडिंग, व नशे मे वाहन चलाने के विरुद्ध सख्ती से नियम लागू करने की अपील की।

डीसीपी (यातायात) श्री प्रवीण रंजन सिंह ने जनपद को ‘जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट’ बनाने के लिए चलाए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को शून्य करने के लक्ष्य के साथ पुलिस एवं परिवहन विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं, जिसमें ओवर स्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाना तथा अन्य उल्लंघनों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

वीर योजना, कैशलेस ट्रीटमेंट योजना और हिट एंड रन योजना की जानकारीः-

एआरटीओ डॉ. उदित नारायण पाण्डेय ने माह भर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने ‘वीर योजना’ (सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित सहायता), ‘कैशलेस ट्रीटमेंट योजना’ (दुर्घटना में घायलों को नकद रहित उपचार) तथा ‘हिट एंड रन योजना’ (भागने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मुआवजा योजना) की विस्तार से जानकारी दी। इन योजनाओं के माध्यम से दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल राहत एवं न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।

रिपोर्टर – प्रतिक्षा सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD