पुणे में खड़ी बस में 26 साल की महिला के साथ हुए रेप का आरोपी महाराष्ट्र के शिरूर तहसील के केगुनाट गांव से गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। क्राइम ब्रांच पुणे के DCP निखिल पिंगले ने बताया- गन्ने के खेत से आरोपी को देर रात गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी के पूरे प्रोसेस में गांववालों ने हमें मदद की। उन्होंने ही बताया कि आरोपी गुनात गांव में आया है। रात में उसने एक घर से पीने का पानी और खाना मांगा। इस दौरान लोगों ने उसे पहचान लिया और जानकारी पुलिस को दे दी। आरोपी को पकड़ने में भी लोगों ने मदद की।
पुणे पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा- आरोपी बीती रात 1:10 बजे गुनात गांव से पकड़ा गया। आज उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। एक स्पेशल वकील नियुक्त किया जाएगा। हम केस को जल्दी पूरा करने की कोशिश करेंगे।
फिलहाल आगे की जांच के लिए आरोपी को पुणे भेज दिया गया है। आरोपी दत्तात्रेय रामदास गाडे ने 25 फरवरी को सरकारी स्वारगेट डिपो में इस वारदात को अंजाम दिया था। उस पर 1 लाख रुपए का इनाम था।
रेप के बाद सब्जी की गाड़ी में बैठकर गांव भागा था रेप की घटना का अंजाम देने के बाद आरोपी पुणे से सब्जी ले जा रहे ट्रक में छिपकर अपने गांव भाग गया। घर पहुंचकर उसने अपने कपड़े और जूते बदले। इसके बाद वह घर से भी निकल गया।
पुलिस को सूत्रों से जानकारी थी कि आरोपी गांव में ही गन्ने के खेतों में छिपा हो सकता है। पुलिस ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से उसकी तलाश कर रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 13 टीमें बनाई गई थीं।