जैसलमेर में ओडीओपी प्रदर्शनी का आगाज, स्थानीय शिल्प को मिला मंच:-

राजस्थान: जैसलमेर में राजस्थान दिवस 2026 के अवसर पर जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र द्वारा अखे प्रोल, फोर्ट जैसलमेर परिसर में आयोजित पाँच दिवसीय ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) प्रदर्शनी एवं मेले का रविवार को विधिवत शुभारम्भ जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी एवं जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मी रानी ने किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर शिल्पकारों व उद्यमियों से संवाद किया एवं स्थानीय उत्पादों की सराहना की। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित यह प्रदर्शनी 15 से 19 मार्च तक अखे प्रोल, फोर्ट जैसलमेर में आयोजित की जा रही है।

मेले में जिले के ओडीओपी उत्पाद पीले पत्थर से निर्मित वस्तुएं एवं अन्य स्थानीय हस्तशिल्प उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है, जिससे इन्हें व्यापक पहचान और बाजार उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर विधायक छोटू सिंह भाटी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्थानीय शिल्पकारों, दस्तकारों और बुनकरों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने एवं नए बाजार से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

इससे न केवल पारंपरिक कला को संरक्षण मिलता है बल्कि स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलता है। प्रदर्शनी में स्थानीय शिल्पियों द्वारा तैयार गोमट एवं थाट के पट्टू, बरड़ी, ऊनी शॉल, साड़ी, कुर्ते, पोकरण पॉटरी, हैंडीक्राफ्ट, एप्लिक व पैचवर्क सहित विभिन्न हस्तनिर्मित उत्पादों की आकर्षक स्टॉलें लगाई गई हैं।
रिपोर्टर – चंद्र प्रकाश पुरोहित
