खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: 27,700 किलो मैदा जब्त, जनता की सेहत से खिलवाड़ उजागर:-

सम्भल: जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने होली पर्व से पहले मिलावटी व नियमों के विरुद्ध खाद्य सामग्री पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 27,700 किलोग्राम मैदा जब्त किया है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
खग्गू सराय की सेवई निर्माण इकाई पर छापा दिनांक 25 फरवरी 2026 की रात खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खग्गू सराय स्थित मोहम्मद शाकिर की सेवई निर्माण इकाई का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान सेवई और मैदा के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए। निरीक्षण में पाया गया कि सेवई निर्माण में प्रयुक्त हो रहा श्री हरि ब्रांड मैदा पैकिंग और लेबलिंग नियमों का उल्लंघन कर बाजार में उतारा जा रहा था। मौके से लगभग 173 बोरी (करीब 7,700 किलो) मैदा जब्त किया गया।
श्री हरि ब्रांड मैदा के 447 बोरी जब्त, लाइसेंस नंबर भ्रामकः-

अगले दिन मिल पर छापामार कार्रवाई प्राप्त सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने 26 फरवरी 2026 को ग्राम बमनेटा स्थित श्री हरि राइस एंड जनरल मिल पर छापा मारा। यहां जांच के दौरान लगभग 447 बोरी (प्रत्येक 15 किलो, कुल लगभग 20,000 किलो) श्री हरि ब्रांड मैदा भंडारित पाया गया। जांच में सामने आया कि मैदा के पैकेटों पर भ्रामक खाद्य लाइसेंस संख्या अंकित थी तथा पैकिंग और लेबलिंग संबंधी कई नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था।
टीम ने मैदा के नमूने प्रयोगशाला भेजते हुए समस्त 447 बोरियां जब्त कर लीं और संबंधित फर्म को नोटिस जारी किया। जनता की सेहत से खिलवाड़ होली जैसे बड़े पर्व से ठीक पहले भारी मात्रा में नियमों की अनदेखी कर खाद्य सामग्री का निर्माण और भंडारण गंभीर चिंता का विषय है।
रिपोर्टर – सचिन कुमार
