स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं: जिला कलक्टर….

जिला कलक्टर ने किया खण्डार एवं बहरावंडा खुर्द सीएचसी का औचक निरीक्षण, दवा उपलब्धता व व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश:-

राजस्थान: सवाई माधोपुर में जिला कलक्टर काना राम ने गुरुवार को खण्डार उपखण्ड क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खण्डार एवं बहरावंडा खुर्द का औचक निरीक्षण कर चिकित्सा सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है , इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खण्डार सीएचसी में जिला कलक्टर ने मरीजों से संवाद कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता एवं अस्पताल व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया।

जिला कलक्टर ने चिकित्सा सेवाओं का लिया जायजा, दिए आवश्यक निर्देश:-

उन्होंने चिकित्सा अधिकारी डॉ. रघुवीर मीणा को निर्देश दिए कि ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की चिकित्सा व्यवस्थाओं में कमी न रहे। उन्होंने टीबी जांच, एक्स-रे सहित अन्य आवश्यक जांच सेवाओं को नियमित एवं सुचारू रूप से संचालित करते हुए टीबी मुक्त भारत अभियान के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु जमीनी स्तर पर कार्य करते हुए ग्राम स्तर पर पहुंचकर संभावितों की जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना का अधिकाधिक लाभ दिलाने हेतु मरीजों को कार्ड साथ लाने के लिए प्रेरित किया ।

जिला कलक्टर ने पुरुष एवं महिला वार्ड, प्रसव कक्ष, प्रयोगशाला एवं औषधि भंडार का निरीक्षण कर साफ-सफाई व्यवस्था सुदृढ़ रखने, नकारा एवं अनुपयोगी सामग्री का तत्काल निस्तारण करने तथा अस्पताल परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में स्वच्छता, समय पर उपचार एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।

बहरावंडा खुर्द सीएचसी का किया निरीक्षण:-

इससे पूर्व जिला कलक्टर ने बहरावंडा खुर्द सीएचसी का निरीक्षण कर ओपीडी काउंटर, दवा वितरण केन्द्र, एक्स-रे कक्ष, लैब, महिला वार्ड, इंजेक्शन रूम एवं उजाला क्लीनिक सहित विभिन्न इकाइयों की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. बाबूलाल मीणा को दिए।

जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, चिकित्साकर्मी समय पर उपस्थित रहें तथा मरीजों के प्रति संवेदनशीलता के साथ व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए निरंतर निरीक्षण एवं जवाबदेही आवश्यक है।

रिपोर्टर – बृजेश त्रिवेदी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD