उप मुख्यमंत्री का ऐलान: मनरेगा में 125 दिन रोजगार, जॉब कार्ड व्यवस्था में बदलाव:-

श्रावस्ती: गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों के बलिदान की स्मृति में आयोजित वीर बाल दिवस कार्यक्रम में शामिल होने शुक्रवार को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एक दिवसीय दौरे पर श्रावस्ती पहुंचे। भिनगा स्थित पुलिस लाइन हेलीपैड पर उनके आगमन पर प्रशासनिक अधिकारियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने स्वागत किया।

उप मुख्यमंत्री भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने संगठनात्मक बैठक कर पार्टी की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर चर्चा की। इसके बाद वे विकासखंड हरिहरपुररानी के भंगहा बाजार पहुंचे और गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश व जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की।
मनरेगा में 125 दिन रोजगार, जॉब कार्ड की वैधता 3 साल हुईः-

ग्राम चौपाल एवं स्वयं सहायता समूहों के साथ संवाद कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने मनरेगा को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मजदूरों के हित में मनरेगा के तहत अब 100 के बजाय 125 दिन का रोजगार उपलब्ध कराएगी। साथ ही जॉब कार्ड व्यवस्था में बदलाव करते हुए इसकी वैधता अवधि पांच वर्ष से घटाकर तीन वर्ष कर दी गई है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को आवास की चाबियां वितरित कीं तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक सहायता के चेक प्रदान कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके बाद भिनगा कलेक्ट्रेट सभागार में उन्होंने अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की और निर्माणाधीन व अधूरे कार्यों को समय से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रेस वार्ता में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। अंत में उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की।
रिपोर्टर – सतीश दुबे
