प्रधानमंत्री आवास योजना: श्रावस्ती में 358 लाभार्थियों को मिली पहली किश्त:-

श्रावस्ती: कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को प्रथम किश्त की स्वीकृति प्रदान की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत आज कलेक्ट्रेट सभागार श्रावस्ती में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का प्रदेश स्तरीय शुभारंभ लखनऊ से माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा की उपस्थिति में किया।

इस दौरान प्रदेश भर के दो लाख लाभार्थियों के खातों में दो हजार करोड़ रुपये की अनुदान राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे हस्तांतरित की गई। श्रावस्ती जनपद में इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया, जहां जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र, विधायक रामफेरन पाण्डेय, जिलाध्यक्ष डॉ. मिश्री लाल वर्मा एवं जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान जनपद के 358 पात्र लाभार्थियों के खातों में प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किश्त ट्रांसफर की गई। मौके पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र सौंपकर उन्हें बधाई दी और कहा कि डबल इंजन सरकार का उद्देश्य हर गरीब परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराना है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार हो।
रिपोर्टर – सतीश दुबे
