गणतंत्र दिवस पर श्रावस्ती में भव्य परेड, 77वें गणतंत्र दिवस पर देशभक्ति का माहौल, पुलिस लाइन में भव्य आयोजन:-

श्रावस्ती: 26 जनवरी 2026 को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर श्रावस्ती पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में भव्य और अनुशासित परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चन्द्र उत्तम के नेतृत्व में किया गया।

मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय ने ध्वजारोहण किया। जिसके बाद राष्ट्रगान के साथ पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। परेड का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी लाइन आलोक कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर कुल 8 टोलियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। जिनमें महिला पुलिस टीम और एसएसबी की टोली भी शामिल रही। परेड में यूपी 112, यातायात पुलिस, अग्निशमन विभाग, क्यूआरटी, फॉरेंसिक टीम, शक्ति मोबाइल और रेडियो शाखा के दस्तों ने भी हिस्सा लिया।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया। डीजीपी उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा प्रदत्त सराहनीय सेवा पदक और गृह मंत्रालय भारत सरकार के अति उत्कृष्ट सेवा पदक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्य अतिथि और पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रदान किए गए। इसके साथ ही वर्ष 2025 में सराहनीय कार्य करने वाले 40 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं।
कई गणमान्य लोगों की मौजूदगीः-

जिनमें पुलिस परिवार के सदस्यों और राजकीय आश्रम पद्धति भयापुरवा के छात्रों ने देशभक्ति गीतों और नृत्यों से दर्शकों का मन मोह लिया।इस मौके पर जनपद न्यायाधीश राकेश धर दुबे, विधायक रामफेरन पाण्डेय, विधायक इंद्राणी वर्मा, अपर जिलाधिकारी अमरेंद्र कुमार वर्मा, जिलाध्यक्ष मिश्री लाल वर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर – सतीश दुबे
