भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का फैसला:-

श्रावस्ती: भारत–नेपाल सीमा से जुड़े अहम मुद्दों को लेकर आज इण्डो–नेपाल समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सीमा सुरक्षा, अवैध तस्करी, मानव तस्करी और बाढ़ प्रबंधन जैसे गंभीर विषयों पर गहन चर्चा हुई।
यह बैठक तहसील इकौना क्षेत्र स्थित होटल तुलिप में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी श्रावस्ती अश्विनी कुमार पाण्डेय ने की। बैठक में पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी, एसएसबी कमाण्डेंट ए.के. वरुण के साथ नेपाल के बांके और डांग जिलों के वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
भारत-नेपाल सीमा पर समन्वय बैठक में कई अहम फैसले:-

बैठक में भारत–नेपाल की सांस्कृतिक और पारंपरिक मित्रता को और मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया गया। साथ ही सीमा क्षेत्र में शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आपसी समन्वय को आवश्यक बताया गया।सीमा पार से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी, शराब, गोवंश और मानव तस्करी, जाली मुद्रा के प्रचलन तथा आपराधिक और आतंकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने पर सहमति बनी। खुली सीमा को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों के बीच सूचनाओं के नियमित आदान-प्रदान पर बल दिया गया। वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए नेपाल के कुसुम और सोनारी बेसिन से पानी छोड़े जाने की पूर्व सूचना साझा करने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
बाढ़ प्रबंधन और तस्करी पर भारत-नेपाल की सहमति:-

नेपाल प्रशासन ने बाढ़ की स्थिति में समय से जानकारी देने का आश्वासन दिया, जिससे तटवर्ती गांवों में अलर्ट जारी कर जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।वन क्षेत्रों में अवैध कटान, तस्करी और वन्यजीव शिकार की रोकथाम के लिए भी संयुक्त निगरानी बढ़ाने पर चर्चा की गई। वहीं पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं और बच्चों की मानव तस्करी रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता बताई।बैठक के समापन पर भारत और नेपाल के अधिकारियों ने एक-दूसरे को स्मृति चिन्ह भेंट किए और आपसी सहयोग को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया। सीमा सुरक्षा और आपसी समन्वय को लेकर यह बैठक आने वाले समय में भारत–नेपाल रिश्तों को और मजबूत करेगी।
रिपोर्टर – सतीश दुबे
