श्रावस्ती पुलिस की बड़ी कार्रवाई…

इकौना में पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, चोरी के तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार:-

श्रावस्ती: थाना इकौना क्षेत्र में हुई सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल अनावरण किया है। एसओजी, सर्विलांस और थाना इकौना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथियों को घेराबंदी कर दबोच लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल, अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम और क्षेत्राधिकारी इकौना भरत पासवान के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। बीती रात 11 और 12 फरवरी की मध्यरात्रि को मोहनीपुर चौराहे से कैलाशपुर मार्ग हाईवे मोड़ के पास चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया।

बताया जा रहा है कि पुलिस को देखते ही एक बदमाश ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में रामप्रकाश उर्फ प्रकाश पासी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सीएचसी इकौना भेजा गया। वहीं उसके दो साथी राजू सिंह और रामचंदर पासी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।

चोरी के आरोपियों के पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद:-

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, चोरी में प्रयुक्त उपकरण—पेंचकस, सब्बल, आरी ब्लेड और कटर—साथ ही पीली व सफेद धातु के आभूषण और 25 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी दिन में गांवों की रेकी करते थे और रात में बाहरी इलाके के मकानों को निशाना बनाते थे। घर में लोगों की मौजूदगी का अंदाजा लगाने के लिए छत पर ईंट-पत्थर फेंकते थे। मौका मिलते ही नकदी और जेवरात समेटकर फरार हो जाते थे।मुख्य आरोपी रामप्रकाश उर्फ प्रकाश पासी पर विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

अन्य अभियुक्तों का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है।फिलहाल पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।

रिपोर्टर – सतीश दुबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD