श्रावस्ती में 18 फरवरी से बोर्ड परीक्षा, 41 केंद्रों पर होगी परीक्षा…

परीक्षा केंद्र के 100 मीटर में निषेधाज्ञा, एक किलोमीटर में फोटो कॉपी और स्कैनर प्रतिबंधित:-

श्रावस्ती: उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जनपद में बोर्ड परीक्षा 2026 को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। नकलविहीन और शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है।

जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन और सुचितापूर्ण होनी चाहिए। ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक या कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

23,275 छात्र-छात्राएं देंगे बोर्ड परीक्षा, सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी:-

जनपद में इस वर्ष कुल 41 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। हाईस्कूल के 13,443 और इंटरमीडिएट के 9,832 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। यानी कुल 23,275 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा देंगे। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो कक्ष निरीक्षक तैनात रहेंगे और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में ही प्रश्नपत्रों के पैकेट खोले जाएंगे।

परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय और मानक के अनुरूप बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि स्ट्रॉन्ग रूम का रात्रि निरीक्षण भी किया जाएगा। परीक्षा केंद्र के 100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू रहेगी, जबकि एक किलोमीटर की सीमा में फोटो कॉपी और स्कैनर मशीनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।

रिपोर्टर – सतीश दुबे

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD