दिल्ली घटना के बाद सीतापुर में हाई अलर्ट, पुलिस का सघन चेकिंग अभियान जारीः-

सीतापुरः 10 नवम्बर 2025: राजधानी दिल्ली में हुई घटना के दृष्टिगत सीतापुर पुलिस ने जिलेभर में सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक श्री अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में जनपद के विभिन्न भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत रोडवेज बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, टोल प्लाजा समेत संवेदनशील स्थानों पर डॉग स्क्वॉड की सहायता से संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच की जा रही है। इसके साथ ही जिले के गेस्ट हाउसों व होटलों में ठहरे व्यक्तियों का सत्यापन भी किया जा रहा है। सीतापुर की सीमाओं पर बैरिकेडिंग कर प्रत्येक वाहन की सघन जांच की जा रही है।

समस्त क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता व चेकिंग अभियान में लगे हुए हैं। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री आलोक सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री नेहा त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, प्रभारी निरीक्षक यातायात सहित भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या निकटतम थाने को दें, ताकि सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखी जा सके।
रिपोर्टर – रवि शंकर मिश्रा
