राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर महान वैज्ञानिक डॉ सी वी रमन को याद कर विज्ञान मॉडल/ पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित:-

सुलतानपुर: जनपद में आज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में जिलाधिकारी/अध्यक्ष कुमार हर्ष, मुख्य विकास अधिकारी/उपाध्यक्ष विनय कुमार सिंह तथा जिला विद्यालय निरीक्षक/सचिव सूर्य प्रकाश सिंह, जिला विज्ञान क्लब सुल्तानपुर के निर्देश में महान वैज्ञानिक डॉ सी वी रमन के द्वारा रमन प्रभाव की खोज के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 28 फरवरी 2026 को ‘वूमेन इन साइंस कैटालाइजिंग विकसित भारत’ थीम पर राम राजी बालिका सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सुल्तानपुर में आयोजित किया गया।
डॉ जे पी सिंह ने आने वाली सदी को भारत के विज्ञान की सदी बतायाः-

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रख्यात चिकित्सक डॉ जे पी सिंह, विशिष्ट अतिथि के एन आई टी के कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष डॉ अरविंद तिवारी और सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटाशंकर यादव ने सरस्वती प्रतिमा पर पुष्पार्चन व दीप प्रज्ज्वलित करके किया। डॉ जे पी सिंह ने आने वाली सदी को भारत के विज्ञान की सदी बताया और उपस्थित छात्र छात्राओं को विज्ञान अध्ययन व नवाचार के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर माध्यमिक विद्यालयों के कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थी विज्ञान मॉडल तथा विज्ञान पोस्टर प्रतियोगिता में सम्मिलित हुए।
के.एन.आई.टी. सुल्तानपुर के प्रोफेसर डॉ अरविंद तिवारी ने किया संबोधितः-

के.एन.आई.टी. सुल्तानपुर के प्रोफेसर डॉ अरविंद तिवारी ने भारत रत्न और नोबेल पुरस्कार विजेता महान वैज्ञानिक सी वी रमन के द्वारा रमन प्रभाव की खोज के विषय में समझाते हुए आधुनिक युग को ए आई युग के रूप में परिवर्तित होने के प्रभाव पर प्रकाश डाला। सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटा शंकर यादव ने अपने संबोधन में कहा कि आने वाला युग भारत का होगा, इन्होंने चंद्रयान मंगलयान तथा कोविड वैक्सीन आदि उपलब्धियां की चर्चा की।
विज्ञान मॉडल और पोस्टर प्रतियोगिता में छात्राओं का जलवाः-

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर आयोजित विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अक्षिता सोनी, द्वितीय स्थान प्रिया मोदनवाल, तथा तृतीय स्थान श्रेया साहू ने प्राप्त किया तथा विज्ञान पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान ऋचा साहू, द्वितीय स्थान मुस्कान मौर्या तथा तृतीय स्थान नैन्सी मिश्रा ने प्राप्त किया। जिन्हें ट्राफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
डॉ सी वी रमन के रमन प्रभाव की खोज पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित अतिथिगणः-

इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाचार्य रोली श्रीवास्तव, कीर्ति सिंह, प्रीति सिंह, रंजना मिश्रा, कंचन सिंह, रजनी शुक्ला, जिला समन्वयक अखिलेश पांडे आदि उपस्थित रहे। नोबेल पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रथम भारतीय वैज्ञानिक तथा भारत रत्न डॉ सी वी रमन के रमन प्रभाव खोज के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के कार्यक्रम का संयोजन तथा संचालन जिला विज्ञान क्लब सुल्तानपुर के जिला समन्वयक शैलेंद्र चतुर्वेदी द्वारा किया गया।
रिपोर्टर – उदय भान
