टीईटी अनिवार्यता के खिलाफ शिक्षकों का प्रदर्शन, पुलिस ने किया पुतला बुझाने का प्रयास:-

सुलतानपुर: जनपद के तिकोनिया पार्क में टीईटी अनिवार्यता के मुद्दे पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ का विरोध मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। स्थानीय तिकोनिया पार्क में शिक्षकों ने सरकार के कथित दोहरे मापदंड के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। इस दौरान पुलिस और शिक्षक नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई तथा धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।
प्रदर्शन के दौरान नगर कोतवाल संदीप राय व पुलिस बल ने पुतला छीनने का प्रयास किया, लेकिन शिक्षकों ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री जयंत चौधरी का पुतला जला दिया। बाद में पुलिस टीम ने पुतला बुझाकर अपने कब्जे में ले लिया।

आक्रोशित शिक्षकों ने “टीईटी वापस लो” और “मुंह पर इज्जत, पीठ पर वार—यह कैसा दोहरा व्यवहार” जैसे नारे लगाए। संघ के जिला प्रवक्ता निजाम खान ने बताया कि वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी अनिवार्यता को लेकर सरकार के साथ हुई वार्ता और संसद में दिए गए उत्तर में विरोधाभास है, जिससे शिक्षकों में भारी रोष है।
उन्होंने कहा कि जब नियुक्ति के समय शिक्षकों ने सभी मानदंड और अर्हताएं पूरी की थीं, तो 20-30 वर्ष बाद नई नीति लागू करना लाखों परिवारों की आजीविका पर संकट खड़ा करना है। प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर सरकार के विरोध में सांकेतिक पुतला दहन किया गया।
रिपोर्टर – उदय भान
