28 लाख कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा, योगी सरकार ने बढ़ाया महंगाई भत्ताः-

उत्तर प्रदेशः दिवाली से पहले यूपी के 28 लाख सरकारी कर्मचारियों को बड़ी खुशखबरी मिली है। योगी सरकार ने कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई राहत (DR) में 3% की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। बढ़ा DA और DR एक जुलाई, 2025 से मिलेगा।
कर्मचारियों को मिलेगा लाभः-

इस निर्णय से प्रदेश के 16.35 लाख कर्मचारी और 11.52 लाख पेंशनर्स लाभान्वित होंगे। इनमें सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों के कर्मचारी, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित एवं पूर्णकालिक कर्मचारी, कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी और यूजीसी वेतनमान के कर्मचारी शामिल हैं।
वित्तीय प्रभावः-
इस बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर मार्च 2026 तक लगभग 1960 करोड़ रुपये का अतिरिक्त व्यय भार पड़ेगा। अक्टूबर 2025 से नकद भुगतान किए जाने की स्थिति में नवंबर में महंगाई भत्ते पर 161 करोड़ और महंगाई राहत पर 84 करोड़ का बोझ सरकार पर पड़ेगा।
सीएम योगी का बयानः-

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार अपने कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। महंगाई के प्रभाव से उन्हें राहत पहुंचाना और उनके जीवन स्तर में सुधार करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह निर्णय प्रदेश के लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों के प्रति संवेदना और सम्मान का प्रतीक है।
महंगाई भत्ता और राहत की नई दरेंः-

अब कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 55% से बढ़कर 58% हो गया है। यह बढ़ोतरी 1जुलाई से सितम्बर, 2025 तक के मंहगाई भत्ता एवं मंहगाई राहत के एरियर के भुगतान पर माह नवम्बर, 2025 में क्रमशः ₹298 करोड़ एवं ₹252 करोड़ का अतिरिक्त नकद व्ययभार आएगा। इस प्रकार माह नवम्बर, 2025 में कुल ₹795 करोड़ का अतिरिक्त नकद व्ययभार आयेगा। ओपीएस से आच्छादित कार्मिकों के जीपीएफ में ₹185 करोड़ जमा होगा, तत्पश्चात् माह दिसम्बर, 2025 से प्रत्येक माह ₹245 करोड़ का अतिरिक्त व्ययभार आएगा।
रिपोर्टर – प्रतिक्षा सिंह
