लंभुआ: सपा की गुटबाजी उजागर, अलग-अलग गुटों ने एक ही मुद्दे पर किया प्रदर्शन; कई वरिष्ठ नेता रहे नदारद:-

सुल्तानपुर: लंभुआ तहसील क्षेत्र में समाजवादी पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। एक ही मुद्दे को लेकर पार्टी के दो अलग-अलग गुटों ने अलग-अलग तिथियों में प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
दूसरे गुट ने मंगलवार को किया प्रदर्शन:-
मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष सत्यपाल यादव के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, अघोषित बिजली कटौती, पेपर लीक, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन किया। सुबह से ही लंभुआ स्थित मेला वाली बाग में सपा नेता और कार्यकर्ता जुटने लगे।
इसके बाद सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष रघुवीर यादव, पूर्व विधायक संतोष पांडेय तथा अन्य नेताओं के साथ तहसील मुख्यालय तक मार्च निकाला। प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता तहसील पहुंचे।
SDM को सौंपा ज्ञापन:-
तहसील पहुंचने पर विधानसभा अध्यक्ष सत्यपाल यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी प्रीति जैन को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जनसमस्याओं के समाधान और सरकार की नीतियों पर पुनर्विचार की मांग की गई। इससे पहले 30 मई को पूर्व जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र वर्मा उर्फ बाजीगर वर्मा के नेतृत्व में पार्टी का दूसरा गुट इन्हीं मुद्दों पर धरना-प्रदर्शन कर चुका है।
कई वरिष्ठ नेताओं ने बनाई दूरी:-

कार्यक्रम में पूर्व विधायक संतोष पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष पृथ्वीपाल यादव, जिलाध्यक्ष रघुवीर यादव, जिला सचिव हरकेश यादव, अतेन्द्र जायसवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, पूर्व जिला पंचायत सदस्य परमात्मा यादव, जिला महासचिव सलाउद्दीन सिद्दीकी, जिला उपाध्यक्ष अशोक वर्मा, हाल ही में पार्टी में शामिल हुए श्यामलाल निषाद ‘गुरुजी’, भजन सिंह यादव तथा हरीश यादव सहित कई प्रमुख नेताओं की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही।
2027 से पहले एकजुटता बड़ी चुनौती:-
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि एक ही मुद्दे पर अलग-अलग गुटों द्वारा पृथक प्रदर्शन किए जाने और वरिष्ठ नेताओं की दूरी से लंभुआ क्षेत्र में समाजवादी पार्टी की आंतरिक खींचतान स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के लिए संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखना बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।
रिपोर्टर – प्रतिक्षा सिंह
