कलयुगी बेटे ने की पिता की हत्या, अवैध संबंधों से नाराज होकर जंगल में रेता गला; खुद दर्ज कराया केस:-

सोनभद्र: म्योरपुर थाना क्षेत्र में हत्या की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कुण्डाडीह गांव निवासी राजदेव सिंह की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उनके ही बेटे रवि कुमार ने की थी।
जमीन दिखाने के बहाने जंगल ले जाकर की हत्या:-
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रवि कुमार ने अपने पिता को जंगल में जमीन दिखाने के बहाने बुलाया और वहीं उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद सबूत मिटाने की कोशिश करते हुए आरोपी ने खुद ही थाने जाकर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
तकनीकी साक्ष्य से खुला राज:-
पुलिस जांच, तकनीकी साक्ष्यों और कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सर्जिकल ब्लेड, खून से सना पत्थर, मोटरसाइकिल की चाबी और जले हुए कपड़ों की राख बरामद की है।
अवैध संबंध बने हत्या की वजह:-
पुलिस के अनुसार, मृतक राजदेव सिंह के एक महिला से संबंधों को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी बात से नाराज बेटे ने पिता की हत्या की साजिश रच डाली। म्योरपुर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर – नन्दगोपाल पाण्डेय
