महंगाई ने तोड़ी गरीब की कमर: टोंक में कांग्रेस का हल्लाबोल….

टोंक: महंगाई, नीट पेपर लीक और बिजली कटौती के विरोध में कांग्रेस का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन; राष्ट्रपति के नाम SDM को सौंपा ज्ञापन:-

राजस्थान: देश में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल-रसोई गैस के दामों में भारी वृद्धि, नीट पेपर लीक, अघोषित बिजली कटौती और पेयजल संकट के विरोध में सोमवार को शहर एवं देहात ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष कैलाशी देवी मीणा और शहर अध्यक्ष इरशाद बेग ने किया। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम उपखंड अधिकारी टोंक को ज्ञापन सौंपा गया।

महंगाई ने गरीब की कमर तोड़ी: कैलाशी मीणा:-

मीडिया प्रभारी जर्रार खान ने बताया कि इस मौके पर ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष कैलाशी देवी मीणा ने कहा कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों में भारी वृद्धि कर देश की गरीब जनता की कमर तोड़ कर रख दी है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक से लाखों विद्यार्थियों की मेहनत पर पानी फिर गया है, जिसके चलते कई विद्यार्थियों ने आत्महत्याएं कर ली हैं।

रुपया कमजोर, बेरोजगारी चरम पर इरशाद बेग:-

शहर अध्यक्ष ईरशाद बेग ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण रुपया कमजोर हो रहा है, महंगाई जनता की कमर तोड़ रही है और बेरोजगारी चरम पर है। उन्होंने कहा कि टोंक शहर और देहात क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती की जा रही है, पेयजल व्यवस्था चरमराई हुई है।

गांव-ढाणी में करेंगे भाजपा की नीतियों का पर्दाफाश:-

इरशाद बेग ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता गांव-गांव ढाणी-ढाणी में जाकर भाजपा की गलत नीतियों का पर्दाफाश करेगा। पूर्व जिलाध्यक्ष ने कहा कि भजन लाल सरकार स्थानीय निकायों और पंचायत चुनाव कराने से डर रही है क्योंकि जनता में उन्होंने विश्वास खो दिया है।

रिपोर्टर – एस रहमान

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD