ब्रेकिंग सोनभद्र: अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर से एनकाउंटर….

पुलिस-तस्करों के बीच मुठभेड़: 58.75 लाख का मादक पदार्थ बरामद, लुधियाना का तस्कर गिरफ्तार; मदद करने वाले युवक को SP ने किया सम्मानित:-

सोनभद्र: पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह पर करारा प्रहार किया है। चोपन थाना क्षेत्र में पुलिस और मादक पदार्थ तस्करों के बीच मुठभेड़ के बाद एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से करीब 58.75 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ, कार और अवैध असलहा बरामद किया गया है।

घेराबंदी में तस्करों ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक घायल:-

पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान संदिग्ध होंडा सिटी कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन तस्कर वाहन लेकर फरार हो गए। विरंजुआ क्षेत्र में घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पंजाब के लुधियाना निवासी 27 वर्षीय प्रिंस के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

3 किलो अफीम, 225 किलो डोडा बरामद:-

पुलिस ने आरोपी के पास से 3 किलो अफीम, 225 किलो डोडा, एक होंडा सिटी कार, .315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मादक पदार्थ झारखंड के डाल्टनगंज से लुधियाना ले जा रहा था।

SP ने स्थानीय युवक को किया सम्मानित:-

इस कार्रवाई में सलखन निवासी प्रदीप कुमार मोदनवाल ने अपनी निजी कार उपलब्ध कराकर पुलिस की मदद की। उनकी बहादुरी और सहयोग के लिए पुलिस अधीक्षक ने 10 हजार रुपये नकद पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया है। पुलिस ने घायल तस्कर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

रिपोर्टर – नन्दगोपाल पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD