महाराजा अग्रसेन शिक्षा सम्मान योजना के पदाधिकारियों ने एसपी चन्द्र मोहन को दी गतिविधियों की जानकारी, पुलिस-समाज तालमेल पर जोर:-

हरियाणा: समाज सेवा, सहयोग एवं विकास का कुरुक्षेत्र विजन लेकर महाराजा अग्रसेन शिक्षा सम्मान योजना (मैसी) के पदाधिकारियों तथा जिला विकास, समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) के सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल कुरुक्षेत्र के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट कर सामाजिक सरोकारों, शिक्षा के विस्तार एवं कानून व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की। यह मुलाकात केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज और प्रशासन के बीच एक सशक्त साझेदारी की शुरुआत के रूप में सामने आई।
शिक्षा, सेवा और सुरक्षा के त्रिकोण को मजबूत करने का संकल्प:-
इस अवसर पर मैसी के प्रधान मुनीष मित्तल, अग्रवाल वैश्य समाज हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिलाध्यक्ष अशोक गर्ग, हेल्पर्स शाहबाद सोसायटी एवं दिशा समिति की सदस्या ईशा अग्रवाल तथा अग्रवाल वैश्य समाज हरियाणा के प्रदेश महासचिव राजेश सिंगला प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
मेधावी छात्रों को सम्मान, छात्रवृत्ति और मार्गदर्शन:-
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को महाराजा अग्रसेन शिक्षा सम्मान योजना एवं हेल्पर्स सोसायटी शाहबाद द्वारा किए जा रहे विविध समाजसेवी प्रकल्पों से अवगत कराया। राजेश सिंगला ने कहा कि मैसी योजना के अंतर्गत मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाता है, छात्रवृत्ति एवं प्रोत्साहन प्रदान किया जाता है और कैरियर मार्गदर्शन एवं संस्कार कार्यशाला आयोजित की जाती हैं। यह योजना समाज में शिक्षा को एक आंदोलन का रूप देने का कार्य कर रही है।
रोड एक्सीडेंट में भी करती है मदद:-
संस्थाओं द्वारा शिक्षा, जरूरतमंदों की सहायता, शाहाबाद के नजदीक हो रहे रोड एक्सीडेंट में सहयोग, युवा मार्गदर्शन एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी साझा की गई।
एसपी बोले- शिक्षा का दान सबसे बड़ा दान:-
पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन ने प्रतिनिधिमंडल की सराहना करते हुए कहा कि “शिक्षा का दान सबसे बड़ा दान है, और जो संस्थाएं इस दिशा में कार्य कर रही हैं, वे वास्तव में समाज की नींव को मजबूत कर रही हैं। समाज सेवा और पुलिस प्रशासन का तालमेल जितना बेहतर होगा, उतना ही जिला सुरक्षित, जागरूक और विकसित बनेगा।” उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस प्रशासन समाज के हर वर्ग के साथ मिलकर कार्य करेगा और जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करेगा।
समाधान का हिस्सा बनने आए हैं: प्रतिनिधिमंडल:-
मैसी प्रधान मुनीष मित्तल ने कहा कि हमारा प्रयास है कि कोई भी प्रतिभा संसाधनों के अभाव में पीछे न रहे। अशोक गर्ग ने बताया कि समाज और प्रशासन के बीच विश्वास और सहयोग ही विकास की असली कुंजी है। ईशा अग्रवाल ने कहा कि दिशा के सदस्यों का उद्देश्य योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है। राजेश सिंगला ने कहा कि हम केवल समस्याएं रखने नहीं, बल्कि समाधान का हिस्सा बनने आए हैं। समाज सेवा और प्रशासन के साथ मिलकर जिले को एक आदर्श मॉडल बनाने का सांसद नवीन जिंदल एवं हमारा संकल्प है।
रिपोर्टर – अरविंद मोहन शर्मा
