पासपोर्ट ऑफिस को उड़ाने की धमकी, ISI के नाम से आया ई-मेल, इलाके को किया सील:-

जैसलमेर: शहर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र को मंगलवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के नाम से भेजा गया बताया जा रहा है, जिसमें दोपहर 1 बजे परिसर में 5 गैस बम फटने की चेतावनी दी गई थी।
जैसलमेर में सुरक्षा बढ़ाई गई, साइबर टीम जांच में जुटी:-

धमकी मिलते ही प्रशासन और पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। एहतियात के तौर पर पूरे पोस्ट ऑफिस परिसर को खाली करवा दिया गया और आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई। सुरक्षा कारणों से पूरे इलाके को सील कर दिया गया। सूचना पर पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं। बम निरोधक दस्ते और परिसर की गहन तलाशी अभियान शुरू किया गया।
धमकी भरे ई-मेल की जांच में जुटी पुलिस:-

पासपोर्ट बनवाने आए लोगों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार धमकी भरे ई-मेल की साइबर टीम से जांच करवाई जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
रिपोर्टर – चंद्र प्रकाश पुरोहित
