13 अप्रैल की मदरसन प्लांट हिंसा में पुलिस ने दाखिल की चार्जशीट, 2000 पन्नों में दिए सबूत:-

नोएडा: फेज-2 स्थित मदरसन प्लांट के बाहर 13 अप्रैल को हुई श्रमिक हिंसा मामले में नोएडा पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। पुलिस ने इस मामले में दर्ज दोनों मुकदमों में करीब 2000 पन्नों की चार्जशीट पेश की है। इसमें वीडियो, सीसीटीवी फुटेज, CDR और डिजिटल साक्ष्यों को आधार बनाया गया है।
सीजेएम कोर्ट ने लिया संज्ञान:-

पुलिस ने दोनों मुकदमों की चार्जशीट सीजेएम कोर्ट में दाखिल की। सीजेएम कोर्ट ने चार्जशीट पर संज्ञान लेते हुए मामले को सुनवाई के लिए सेशन कोर्ट को भेज दिया है। अब आरोप तय होने के बाद सेशन कोर्ट में नियमित सुनवाई शुरू होगी।
डिजिटल सबूतों से तय हुई भूमिका:-
चार्जशीट में पुलिस ने घटनास्थल के वीडियो, सीसीटीवी फुटेज, आरोपियों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को शामिल किया है। इसके अलावा गवाहों के बयान और आरोपियों की सोशल मीडिया गतिविधियों को भी चार्जशीट का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस का दावा है कि इन इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से कई आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हुई है।
एक आरोपी ने जताई आपत्ति:-

दोनों मुकदमों में कई आरोपियों की भूमिका का उल्लेख किया गया है। वहीं एक आरोपी पक्ष ने घटना के समय जेल में होने का दावा करते हुए चार्जशीट पर आपत्ति जताई है। अब सेशन कोर्ट में आरोप तय होने के बाद मामले की आगे की कार्रवाई होगी।
रिपोर्टर – प्रतिक्षा सिंह
