विद्युत मंडल के रिटायर पेंशनरों का जिला स्तरीय सम्मेलन, ब्लॉकों में एकजुटता पर जोर, कैशलेस इलाज की मांग:-

मध्य प्रदेश: नरसिंहपुर विद्युत मंडल पेंशनर एसोसिएशन जिला नरसिंहपुर की ओर से गुरुवार को जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य जिले के सभी ब्लॉकों के रिटायर विद्युत पेंशनरों को एकजुट करना और उनकी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करना रहा।
कैशलेस चिकित्सा और समय पर डीआर की मांग:-
सम्मेलन में विद्युत पेंशनरों के लिए सम्मानजनक कैशलेस चिकित्सा व्यवस्था लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। साथ ही पेंशनरों को नियमित कर्मचारियों की तरह समय पर महंगाई राहत (डीआर) देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पेंशनर नेताओं ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद चिकित्सा खर्च और महंगाई के कारण पेंशनरों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। सरकार को पेंशनरों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान करना चाहिए।
अन्य समस्याओं पर भी हुई चर्चा:-

सम्मेलन में पेंशन भुगतान में देरी, पारिवारिक पेंशन, मेडिकल बिलों के भुगतान में आ रही दिक्कतों सहित अन्य समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। संघ ने निर्णय लिया कि सभी ब्लॉकों में सदस्यता अभियान चलाकर पेंशनरों को संगठित किया जाएगा और मांगों को लेकर शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस अवसर पर जिले भर से आए बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त विद्युत कर्मचारी एवं पेंशनर मौजूद रहे।
रिपोर्टर – कैलाश नारायण सेवक
