झांसी: मऊरानीपुर CHC बना रेफर सेंटर, दलालों के सहारे चल रही प्राइवेट प्रैक्टिस, गंदगी से पटा अस्पताल:-

उत्तर प्रदेश: वही पीड़ा, वही विषाद, वही व्याकुलता, वही आघात। उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद के मऊरानीपुर में मौजूद उच्चीकृत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे। इस सरकारी अस्पताल में मरीजों को इलाज के नाम पर सिर्फ रेफर लेटर मिलता है। लापरवाही और बदहाली के चलते इस स्वास्थ्य केंद्र पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं।
इलाज के नाम पर छल और धोखा:-
सरकारी सेवा का दुरुपयोग इस कदर है कि इलाज के नाम पर मरीजों को छल और धोखा मिलता है। यहां तैनात ज्यादातर डॉक्टर और कर्मचारी बरसों से जमे बैठे हैं। आरोप है कि डॉक्टरों की कमी को देखते हुए शायद योगी सरकार तबादला करना भूल गई है। गरीब बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण दलालों के माध्यम से प्राइवेट प्रैक्टिस करके मरीजों से सीधी लूट की जा रही है।
सक्रिय हैं डॉक्टरों के निजी दलाल:-
इस सरकारी अस्पताल में ज्यादातर डॉक्टरों के निजी दलाल सक्रिय रहते हैं, जो कायदे से मरीजों का शोषण कर रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन पर मरीज के परिजनों द्वारा आए दिन घोर लापरवाही के आरोप लगाए जाते हैं, लेकिन कार्रवाई हमेशा की तरह शून्य नजर आती है। आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों की इसमें गजब की साठगांठ है।
निरीक्षण सिर्फ खानापूर्ति:-

स्वास्थ्य महकमे से जुड़े उच्च अधिकारी आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता नहीं लेते। समय-समय पर कई औचक निरीक्षण करके सिर्फ खानापूर्ति करने आते हैं। न जाने कौन से नंबर का चश्मा लगाकर निरीक्षण करने आते हैं कि उन्हें अस्पताल में कोई गड़बड़ी नजर नहीं आती। अस्पताल की खामियों का पर्दाफाश करना तो दूर की बात है, हर जांच ठंडे बस्ते में चली जाती है। आरोप है कि न जाने कौन सी दवा मिलते ही जांच अधिकारी आम लोगों की शिकायतों को भूलकर नौ दो ग्यारह हो जाते हैं।
गंदगी से बीमार हो रहा अस्पताल:-
मऊरानीपुर सरकारी अस्पताल में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। सड़न और बदबू से इस अस्पताल को समय रहते उपचार नहीं किया गया तो यह सरकारी अस्पताल खुद गंभीर बीमारियों का शिकार हो जाएगा।
सीएम योगी से कार्रवाई की मांग:-
मऊरानीपुर के बाशिंदों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि सरकारी अस्पताल में गरीबों का मुफ्त इलाज सुनिश्चित हो और लापरवाह चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
रिपोर्टर – मुकेश सिंह
