जैसलमेर में व्यावसायिक गैस आपूर्ति की समीक्षा, एजेंसियों को निर्देश…

गैस एजेंसियों को नियमानुसार कार्य करने के निर्देश, आपूर्ति सुनिश्चित करने का आश्वासन:-

जैसलमेर: वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के कारण व्यावसायिक एलपीजी गैस आपूर्ति में संभावित कमी को देखते हुए गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में गैस एजेंसियों, होटल एवं रेस्टोरेंट प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एलपीजी के स्टॉक, बिक्री, भंडारण, बुकिंग एवं वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जैसलमेर जिले की सभी गैस एजेंसियों को अपनी एजेंसी से घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के स्टॉक, वितरण तथा आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और नियमानुसार बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इस दौरान गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ होटल एवं रेस्टोरेंट व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

होटल एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों ने अवगत कराया कि राज्य सरकार द्वारा व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति बंद किए जाने के कारण व्यवसायिक गतिविधियों में बाधा उत्पन्न हो रही है। सूर्यागढ़ होटल, हेरिटेज होटल, होटल गोल्डन हवेली, रॉयल कोर्ट होटल, इम्पीरियल होटल, केके रिजॉर्ट सम तथा ताज होटल जैसलमेर के प्रतिनिधियों ने बताया कि आगामी दिनों में डेस्टिनेशन वेडिंग और अन्य आयोजनों की बुकिंग होने से व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की मांग बढ़ने वाली है। ऐसे में नियमित आपूर्ति सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
समाजसेवी भीम सिंह ने भी बैठक में बताया कि रामदेवरा मंदिर परिसर में प्रतिदिन भंडारे का आयोजन होता है, जिसके लिए भोजन प्रसादी तैयार करने के लिए प्रतिदिन व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आवश्यकता रहती है।

जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने होटल एवं रेस्टोरेंट उद्योग के प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनते हुए आश्वासन दिया कि राज्य सरकार के निर्देशों के अनुसार व्यावसायिक गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्य करने के निर्देश देते हुए अवैध भंडारण, कालाबाजारी और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

बैठक के दौरान गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भी नियमों के अनुरूप कार्य करने का आश्वासन दिया। वर्तमान गैस आपूर्ति की स्थिति के मद्देनजर जिला रसद अधिकारी एवं प्रवर्तन अधिकारी द्वारा जैसलमेर इंडेन गैस एजेंसी का निरीक्षण भी किया गया। जिला रसद अधिकारी रामसिंह मीणा ने बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर्याप्त है और उपभोक्ताओं की बुकिंग के अनुसार नियमित रूप से घरेलू सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर, जिला रसद अधिकारी, प्रवर्तन अधिकारी तथा पर्यटन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – चंद्र प्रकाश पुरोहित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD