सम्भल में स्वास्थ्य सेवाओं पर कार्रवाई….

नगर मजिस्ट्रेट ने सम्भल में दो अवैध पैथोलॉजी लैब सील की:-

सम्भल: नगर मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार सोनी ने सोमवार को शहर में संचालित पैथोलॉजी लैबों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो पैथोलॉजी लैब अवैध रूप से संचालित पाई गईं, जिन्हें तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। पहला निरीक्षण मोहल्ला आलम सराय स्थित नंदन स्वीट्स के बराबर गली में तिरंगा मार्केट में संचालित लाइफ सेवर पैथोलॉजी लैब का किया गया। मौके पर लैब के बाहर किसी भी प्रकार का बोर्ड नहीं लगा मिला। निरीक्षण के दौरान वहां लाइफ सेवर पैथोलॉजी, डॉ. लाल पैथ लैब और पैथकेयर के लेटर पैड पाए गए। लैब में विनय पुत्र राजपाल निवासी ग्राम खिरनी मोहिउद्दीनपुर, तहसील सम्भल मौजूद मिले, जिन्होंने बताया कि लैब के मालिक दुर्गेश सैनी निवासी शहजादी सराय हैं।

निरीक्षण के दौरान लैब में पैथोलॉजी से संबंधित उपकरण, लैपटॉप और जांच मशीनें जैसे सेल काउंटर आदि भी पाए गए। लैब संचालक को बुलाने के लिए कहा गया, लेकिन काफी देर इंतजार के बाद भी वह मौके पर नहीं पहुंचे और न ही लैब संचालन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत किए गए। इसके बाद नोडल क्वैक्स डॉ. मनोज से जानकारी लेने पर पता चला कि इस लैब का पंजीकरण मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) सम्भल कार्यालय में नहीं है। वैध अभिलेख न मिलने पर उक्त लैब को अवैध रूप से संचालित पाए जाने के कारण तत्काल सील कर दिया गया।

इसके बाद नगर मजिस्ट्रेट ने मैक्स पैथोलॉजी लैब, सैय्यद मार्केट रोडवेज के सामने, थाना कोतवाली सम्भल का निरीक्षण किया। यहां भी दुकान के बाहर किसी प्रकार का बोर्ड नहीं लगा पाया गया। मौके पर मैक्स पैथोलॉजी, मैक्स पैथ लैब और एच.वाई. पैथो लैब के लेटर पैड मिले।
लैब में रजा-उल-हसन पुत्र मोहम्मद शमी निवासी सैफ खां सराय मौजूद मिले, जिन्होंने बताया कि लैब के मालिक मोहम्मद वसी हैं। निरीक्षण के दौरान लैब में कंप्यूटर और जांच से संबंधित उपकरण तथा मशीनें पाई गईं। वहीं सतवीर पुत्र धीरेन्द्र निवासी मोहम्मदपुर अपनी जांच कराने के लिए वहां मौजूद मिले।

लैब संचालक को बुलाने के लिए कहा गया, लेकिन वह भी मौके पर उपस्थित नहीं हुए और न ही कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत किए गए। नोडल क्वैक्स डॉ. मनोज ने बताया कि इस लैब का भी सीएमओ कार्यालय में कोई पंजीकरण नहीं है। इस पर नगर मजिस्ट्रेट ने दोनों पैथोलॉजी लैबों को अवैध रूप से संचालित पाए जाने पर वैध अभिलेख प्रस्तुत करने तक सील कर बंद कर दिया।

रिपोर्टर – सचिन कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD