उप निरीक्षक/ प्लाटून कमांडर परीक्षा-2025 की तैयारियों की समीक्षा….

निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुरक्षित परीक्षा आयोजन के लिए कलक्टर के सख्त निर्देश:-

राजस्थान: सवाई माधोपुर के जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला परिषद सभागार में उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2025 की तैयारियों को लेकर केंद्राधीक्षकों, उप समन्वयकों एवं पर्यवेक्षकों की बैठक एवं प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

जिला कलक्टर ने बताया कि परीक्षा 5 एवं 6 अप्रैल 2026 को प्रतिदिन दो सत्रों में आयोजित होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए तथा प्रश्नपत्रों एवं ओएमआर शीट्स की सुरक्षा, सीलिंग एवं संधारण निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सुनिश्चित किया जाए।

स्ट्रॉन्ग रूम व्यवस्था एवं गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, वीडियोग्राफी, फ्लाइंग स्क्वॉड की सक्रियता एवं पर्याप्त पुलिस बंदोबस्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभ्यर्थियों की सघन जांच, धातु डिटेक्टर से स्क्रीनिंग तथा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध के निर्देश दिए गए।

उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर परिधि में साइबर कैफे एवं ई-मित्र केंद्र परीक्षा अवधि में बंद रहेंगे तथा बहु-स्तरीय पहचान सत्यापन प्रक्रिया लागू की जाएगी। प्रश्नपत्र परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पूर्व ही केंद्रों पर उपलब्ध कराए जाएंगे।

जिला कलक्टर ने सभी अधिकारियों को समय से पूर्व केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा ने भी परीक्षा को पूर्ण शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। परीक्षा संबंधित सभी दिशा निर्देशों की बिन्दुवार जानकारी प्राचार्य राउमावि तारनपुर एवं प्रशिक्षक पारस चन्द जैन द्वारा दी गई।

रिपोर्टर – बृजेश त्रिवेदी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD