सपा का प्रदर्शनः फसल नुकसान पर 100 प्रतिशत मुआवजे की मांग, किसानों को मिलेगी राहत:-

जालौन: बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान के विरोध में समाजवादी पार्टी (सपा) ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर, सपा सांसद नारायण दास अहिरवार, पूर्व मंत्री श्रीराम पाल और पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेंद्र बजरिया के नेतृत्व में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसानों को राहत दिलाने की मांग उठाई।

इस दौरान सपा नेताओं ने जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि हाल ही में हुई ओलावृष्टि और बारिश से जिले के अधिकांश गांवों में गेहूं, सरसों, चना समेत अन्य फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। कई स्थानों पर किसानों के सामने खाद्यान्न का संकट खड़ा हो गया है।
100 प्रतिशत फसल का मुआवजा दिया जाए:-

सपा ने मांग की कि प्रभावित किसानों को 100 प्रतिशत फसल का मुआवजा दिया जाए। साथ ही, जो किसान बटाई पर खेती करते हैं, उन्हें भी मुआवजे का लाभ मिलना चाहिए। इसके अलावा, किसानों के केसीसी (क्रेडिट कार्ड) ऋण और कृषि यंत्रों के कर्ज को माफ करने की मांग भी उठाई गई।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष और सांसद ने यह भी कहा कि जिन गांवों में खाद्यान्न की समस्या उत्पन्न हो गई है, वहां कुछ महीनों तक गेहूं व अन्य जरूरी खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाए। पशुपालकों के लिए भूसे की व्यवस्था और किसानों के बिजली बिल माफ करने की भी मांग की गई। साथ ही, खराब मौसम के चलते गांवों में टूटे बिजली के खंभों और तारों को जल्द ठीक कराने की बात कही गई।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार अभी तक इस आपदा को दैवीय आपदा घोषित नहीं कर रही है और केवल खानापूर्ति में लगी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द किसानों को राहत नहीं दी गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
रिपोर्टर – रणजीत गौतम
