ब्रिटिश पार्लियामेंट में रायपुर के डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी का सम्मान, ऑक्सफोर्ड में होम्योपैथी पर दिया लेक्चर:-

छत्तीसगढ़: राजधानी रायपुर के होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी ने लंदन में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। World Homeopathy Summit 4 के अवसर पर ब्रिटिश पार्लियामेंट में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।इस कार्यक्रम में रायपुर सहित देशभर के करीब 100 होम्योपैथी चिकित्सकों एवं विदेशों से आए 25 विशेषज्ञों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह में प्रसिद्ध होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. नीतीश चंद्र दुबे भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में ब्रिटिश संसद के सदस्य लॉर्ड रावल और शिवानी राजा के साथ इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक, इयोन मॉर्गन, स्टुअर्ट ब्रॉड, जोनाथन ट्रॉट और डेविड ग्रोवर जैसे अंतरराष्ट्रीय हस्तियों ने शिरकत की।
लंदन से रायपुर तक गर्व का पल: डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिला सम्मानः-

अपने अंतरराष्ट्रीय दौरे के दौरान डॉ. त्रिवेदी ने ऑक्सफोर्ड में त्वचा रोग विषय पर व्याख्यान भी दिया। उन्होंने होम्योपैथी के माध्यम से उपचार और उसके वैज्ञानिक पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला, जिसे विशेषज्ञों ने खूब सराहा। डॉ. त्रिवेदी को यह सम्मान उनके उत्कृष्ट कार्य, मरीजों के प्रति समर्पण और अंतरराष्ट्रीय मंच पर रायपुर, छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित करने के लिए प्रदान किया गया। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और मरीजों के विश्वास को दिया। डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी के रायपुर लौटने पर एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। सामाजिक एवं चिकित्सकीय संगठनों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया और उनकी इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
रिपोर्टर – श्रीराम चौहान
