नारी शक्ति बंदन एवं महिला सशक्तिकरण पर आयोजित हुआ भव्य कार्यक्रम…

सुलतानपुर में ‘नारी शक्ति वंदन’ पर भव्य कार्यक्रम, महिला आरक्षण से मिलेगा नया आयाम:-

उत्तर प्रदेश: सुलतानपुर में भारतीय जनता पार्टी सदर विधानसभा जयसिंहपुर द्वारा मर्याद्री इंटर कॉलेज, बरौसा में नारी शक्ति वंदन एवं महिला सशक्तिकरण के तहत 33% आरक्षण को लेकर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर महिला प्रदेश उपाध्यक्ष रंजन उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को 33% आरक्षण मिलने से राजनीति और समाज में उनकी भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को नया आयाम मिलेगा। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महिला सशक्तिकरण योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने की। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति समाज और राष्ट्र की आधारशिला है, और सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण से लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा तथा महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में उचित स्थान मिलेगा।कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं जैसे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, स्वयं सहायता समूह आदि के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।इस मौके पर ब्लॉक मिशन मैनेजर रमेश कुमार, सुभाष चंद्र, अभिजीत प्रतिनिधि गुड्डू उपाध्याय, रत्नेश तिवारी, भाजपा जिला मंत्री विजय त्रिपाठी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

रिपोर्टर – प्रतिक्षा सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD