अक्षय तृतीया पर परशुराम जन्मोत्सव की धूम, ग्राम सोने में निकली शोभायात्रा; जयकारों से भक्तिमय हुआ माहौल:-

हाथरस: जनपद में परशुराम जन्मोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मातृभूमि सेवा संघ के जिला अध्यक्ष पंडित पवन शर्मा ने जनपद मथुरा के ग्राम सोने न्याय पंचायत में निकाली गई भव्य शोभायात्रा में सहभागिता की।
जयकारों से गुंजायमान हुआ परिसर:-
शोभायात्रा की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी मोहित सारस्वत ने की। कार्यक्रम के दौरान परिसर भगवान परशुराम के जयकारों से गुंजायमान हो उठा और वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस अवसर पर चौकी इंचार्ज बीरेंद्र सिंह व ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष महेश शर्मा भी मौजूद रहे।
बुराइयों का नाश करने जन्मे थे परशुराम:-

शोभायात्रा को सम्बोधित करते हुए मातृभूमि सेवा संघ के जिला अध्यक्ष पंडित पवन शर्मा ने कहा कि अक्षय तृतीया पर बुराइयों का सर्वनाश करने और नकारात्मक शक्तियों के अंत के लिए भगवान परशुराम का जन्म हुआ था। हमेशा सभी को उनके बताए रास्ते पर चलना चाहिए।उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम, भगवान विष्णु के छठे अवतार, भारतीय संस्कृति में न्याय, धर्म और अटूट साहस के अद्वितीय प्रतीक माने जाते हैं। उन्होंने उस समय अवतार लिया जब समाज में अधर्मी, अहंकारी और अत्याचारी शासकों का बोलबाला था और धर्म का ह्रास हो रहा था।
युवाओं में नशे की आदत रोकनी होगी:-
पंडित पवन शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज की आज के समय में जिम्मेदारी बढ़ गई है। देश में जातीय विभाजन की स्थिति बन रही है। ब्राह्मण को सभी वर्गों को साथ लेकर सनातन धर्म की रक्षा करनी होगी। युवाओं में बढ़ रही नशे की आदत को रोकने के लिए भी जागरूकता लानी होगी। व्यसन व्यक्ति को ही नहीं बल्कि धर्म और देश को भी बर्बाद कर देते हैं।
रिपोर्टर – मनोज कुमार शर्मा
