सेक्टर-24 नोएडा: प्राइवेट कंपनी कर्मी पुनीत और विद्या दास छत से कूदे, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य:-

नोएडा: सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के चौड़ा रघुनाथपुर गांव में सोमवार तड़के करीब 3:45 बजे एक तीन मंजिला मकान की छत से युवक-युवती के कूदने का मामला सामने आया है। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान मेरठ के उल्देपुर गांव निवासी पुनीत चौहान के रूप में हुई है। वह एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत था। घायल युवती नोएडा के रसूलपुर नवादा गांव की रहने वाली विद्या दास है।
ऐसे हुआ हादसा:-
गांव निवासी गजराज सिंह का तीन मंजिला मकान है। सोमवार सुबह करीब 4 बजे छत पर हलचल सुनकर उनका बेटा मोनू ऊपर गया। इसी दौरान छत पर मौजूद युवक-युवती अचानक नीचे कूद गए। युवक सीधे सड़क पर गिरा, जबकि युवती बिजली के तारों से टकराते हुए सड़क पर गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई।
शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पुनीत को मृत घोषित कर दिया। युवती को प्राथमिक उपचार के बाद सफदरजंग रेफर कर दिया गया।
2 दिन से घर से निकली थी युवती:-
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि युवती दो दिन से अपने घर से निकली हुई थी। आशंका है कि युवक आसपास ही रहता था और युवती उससे मिलने आई थी। किसी बात पर विवाद होने के बाद दोनों पड़ोस की मिली हुई छतों के रास्ते गजराज के मकान की छत पर पहुंच गए और गुस्से में छलांग लगा दी।
पुलिस परिजनों और मकान मालिक के परिवार से पूछताछ कर रही है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
रिपोर्टर – प्रतिक्षा सिंह
