वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026….

गंगा दशहरा पर जैसलमेर बना साक्षी, गड़ीसर सरोवर पर उमड़ा जनसैलाब:-

राजस्थान: गंगा दशहरा के पावन अवसर पर राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” के तहत जैसलमेर के ऐतिहासिक गड़ीसर सरोवर पर भव्य जल पूजन, दीप प्रज्वलन एवं जन-जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष श्री राजेंद्र नायक के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर जैसलमेर विधायक श्री छोटूसिंह भाटी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

जल संरक्षण जन आंदोलन है : राजेंद्र नायक:-

समारोह को संबोधित करते हुए आयोग अध्यक्ष श्री राजेंद्र नायक ने कहा कि “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि जनभागीदारी से सफल होने वाला जन आंदोलन है। इस अभियान से जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे पूरे समर्पण के साथ इस अभियान से जुड़ें और जैसलमेर में जल संरक्षण का स्वर्णिम इतिहास रचें। “जल स्वयं प्रकृति का अमूल्य उपहार है, आवश्यकता केवल जल निकायों एवं पारंपरिक स्रोतों के संरक्षण की है। यदि जल स्रोत सुरक्षित रहेंगे तो जल स्वतः संरक्षित रहेगा।”

हरियालो राजस्थान’ का संकल्प:-

श्री नायक ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की सफलता का उल्लेख करते हुए बताया कि दो वर्ष पूर्व इस अभियान के तहत प्रदेशभर में 7 करोड़ पौधे लगाए गए। उन्होंने कहा कि इस वर्ष “हरियालो राजस्थान” के संकल्प को और अधिक विस्तार देते हुए अधिकाधिक पौधरोपण एवं पौधों के संरक्षण के प्रयास किए जाएंगे।

दिलाई गई सामूहिक शपथ:-

कार्यक्रम के दौरान आयोग अध्यक्ष ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन को जल संरक्षण की सामूहिक शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि यह अभियान आमजन की सक्रिय भागीदारी से जल स्रोतों के संरक्षण, संवर्धन एवं पुनर्जीवन की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।

इस अवसर पर सीमा जन कल्याण समिति के अध्यक्ष सवाई दान, समाजसेवी कवराज सिंह चौहान, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह सांदू, जल ग्रहण विभाग के अधीक्षण अभियंता कौशल पालीवाल, अधीक्षण अभियंता विद्युत भैराराम चौधरी, नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढ़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – चंद्र प्रकाश पुरोहित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD