बकरीद पर शांति व्यवस्था सख्त: बोकारो थर्मल-कथारा में शांति समिति की बैठक, सोशल मीडिया पर नजर:-

झारखंड: बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के लिए बोकारो जिले के विभिन्न थाना परिसरों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में सोमवार शाम बोकारो थर्मल थाना और कथारा ओपी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक बुलाई गई।
‘बेरमो हमेशा से भाईचारे की मिसाल’: बीडीओ:-

बोकारो थर्मल थाना में हुई बैठक की अध्यक्षता बेरमो प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार ने की। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बेरमो हमेशा भाईचारे का मिसाल रहा है। उन्होंने अपील की कि किसी भी तरह की अप्रिय घटना की संभावना दिखे तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव ने कहा कि पुलिस हर समय आम जनता की सेवा में तत्पर है। बकरीद के दौरान हर गतिविधि पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी।
‘अफवाह न फैलाएं, सोशल मीडिया पर पैनी नजर’: कथारा ओपी प्रभारी:-

वहीं कथारा ओपी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक की अध्यक्षता ओपी प्रभारी राजेश कुमार प्रजापति ने की। बैठक में उन्होंने कहा कि बकरीद आपसी भाईचारे का त्यौहार है। सभी समुदाय के लोग मिलकर इसे मनाएं।
ओपी प्रभारी ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही उसे फैलाएं। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। पकड़े जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कुर्बानी को लेकर गाइडलाइन से कराया अवगत:-
बैठक में कुर्बानी को लेकर प्रशासन की गाइडलाइन से भी लोगों को अवगत कराया गया। ओपी प्रभारी ने शांति समिति के सदस्यों एवं प्रबुद्धजनों से अपील की कि अपने-अपने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
रिपोर्टर – अनिल शर्मा
