ब्रेकिंग: संभल के बहजोई में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, चरणबद्ध तरीके से चलेगा अभियान:-

संभल: बहजोई में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। मंगलवार को रोडवेज बस स्टैंड के पास बुलडोजर चलाकर सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। प्रशासन ने दो टूक चेतावनी दी है कि नालों और सड़कों पर अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर पालिका-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई:-
बहजोई नगर क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह अलर्ट मोड में है। नगर पालिका और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने रोडवेज बस स्टैंड के आसपास अभियान चलाया। इस दौरान टीनशेड, अस्थायी दुकानें और सड़क किनारे रखे सामान को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
‘मानसून से पहले नालों की सफाई जरूरी’: एसडीएम:-
उपजिलाधिकारी वंदना मिश्रा ने बताया कि मानसून को देखते हुए नालों की सफाई बेहद जरूरी है, ताकि शहर में जलभराव की स्थिति न बने और पानी का निकास सुचारु रूप से हो सके। उन्होंने कहा कि कई दुकानदारों द्वारा नालों को पाट दिया जाता है, जिससे सफाई कार्य प्रभावित होता है।
एसडीएम ने सख्त लहजे में कहा, “दुकानदारों को पहले ही चेतावनी दी जा चुकी है कि वे स्वयं अतिक्रमण हटा लें। यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो जेसीबी से कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी लगाया जाएगा।”
चरणबद्ध तरीके से चलेगा अभियान:-

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि पूरे बहजोई नगर क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से अभियान जारी रहेगा। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे सरकारी जमीन और नालों पर किए गए कब्जे खुद हटा लें, ताकि सख्त कार्रवाई से बचा जा सके।
स्थानीय लोगों ने बताया जरूरी:-
फिलहाल प्रशासन की इस कार्रवाई को स्थानीय लोग जरूरी बता रहे हैं। लोगों का कहना है कि इससे जाम की समस्या कम होगी और शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर बनेगी। नालों की सफाई से बारिश में जलभराव की दिक्कत भी नहीं होगी।
रिपोर्टर – सचिन कुमार
