अजमेर: बोराड़ा में सड़क हादसा नहीं, निकली पारिवारिक साजिश….

स्कॉर्पियो में आग हादसा नहीं साजिश थी, अजमेर SP ने 4 मर्डर का किया खुलासा, परिवार ही निकला कातिल:-

अजमेर: बोराड़ा के पूर्व सरपंच परिवार से जुड़े सनसनीखेज हत्याकांड का जिला पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अग्रवाला ने चंद घंटों में बड़ा खुलासा कर दिया है। जिस घटना को शुरुआत में सड़क हादसा और कार में आग लगने की दुर्घटना माना जा रहा था, वह अब एक खौफनाक पारिवारिक साजिश बनकर सामने आई है।

परिवार ने ही रची खूनी साजिश:-

पुलिस जांच में सामने आया कि पूर्व सरपंच परिवार की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि परिवार के ही सदस्यों ने की। मामले में रामसिंह की पहली पत्नी सुनीता, उसकी बेटी और नाबालिग बेटे को हिरासत में लिया गया है।

पुरानी रंजिश बनी वजह:-

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि पुराने पारिवारिक विवाद और आपसी रंजिश के चलते आरोपियों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने पहले रामसिंह, उसकी मां पूर्व सरपंच पूसी देवी, दूसरी पत्नी सुरज्ञान और भांजी महिमा पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला किया। हमला इतना बेरहम था कि चारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सबूत मिटाने को कार में लगाई आग:-

हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की नीयत से चारों शवों को स्कॉर्पियो कार में डाला और फार्म हाउस से करीब 500 मीटर दूर ले जाकर कार को आग के हवाले कर दिया, ताकि मामला हादसा नजर आए।

ऐसे खुली साजिश की परतें:-

लेकिन घटनास्थल पर मिले अहम सुराग, शवों की स्थिति और पुलिस की सख्त पूछताछ ने पूरी साजिश की परतें खोल दीं। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य सबूत भी बरामद कर लिए हैं।

इलाके में सनसनी:-

इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पूरे बोराडा और आसपास के इलाके में भारी सनसनी फैल गई है। हर कोई इस बात से स्तब्ध है कि रिश्तों की दीवारों के भीतर ही इतना खूनी खेल खेला गया। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी है।

रिपोर्टर – हीरालाल नील

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD