मरु महोत्सव 2026: पोकरण की सांस्कृतिक पहचान को मिली नई मजबूतीः-

राजस्थान: मरु संस्कृति, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक वैभव का प्रतीक मरु महोत्सव 2026 का आज भव्य शुभारंभ हो गया। यह चार दिवसीय महोत्सव 29 जनवरी से 1 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें पोकरण की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पूरे वैभव के साथ प्रदर्शित होगी।

महोत्सव का शुभारंभ आज सुबह 9:30 बजे पोकरण स्थित नेपालेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ किया गया। इसके पश्चात शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो पोकरण फोर्ट से होते हुए विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई नगर में आकर्षण का केंद्र बनी। शोभायात्रा में पारंपरिक वेशभूषा, लोक कलाकार, ऊँट-घोड़े, ढोल-नगाड़ों की थाप और मरु संस्कृति की मनमोहक झलक देखने को मिली।
चार दिवसीय मरु महोत्सव का शुभारंभ, लोक कलाकारों का जमावड़ाः-

चार दिवसीय मरु महोत्सव के दौरान लोकनृत्य, लोकसंगीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभिन्न प्रतियोगिताएं तथा पारंपरिक समागम आयोजित किए जाएंगे। देश-प्रदेश से आए कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में मिस पोकरण एवं मिस्टर पोकरण प्रतियोगिता, सांस्कृतिक संध्याएं, पारंपरिक खेल और लोककलाओं की प्रस्तुति शामिल रहेंगी।

मरु महोत्सव को लेकर स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। मरु महोत्सव 2026 पोकरण की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती देने के साथ-साथ पर्यटन को भी नई दिशा देने वाला साबित होगा।
रिपोर्टर – चंद्र प्रकाश पुरोहित
