खांडेपुर में दर्दनाक हादसा, बाइक सवार युवक की मौत, 2 घायल:-

पीलीभीत: पूरनपुर के सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के खांडेपुर स्थित ईंट भट्टे के पास तेज रफ्तार फोर व्हीलर कार ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में कार चालक भी गंभीर घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। लगभग 5:00 बजे शाम ग्राम केसरपुर कला निवासी मोहम्मद हुसैन (28) पुत्र अली जान अपने साथी बदरुद्दीन (32) पुत्र तोसीफ अहमद के साथ खुटार से बाइक द्वारा घर लौट रहे थे। जैसे ही वे खांडेपुर भट्टे के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार कार पहले सड़क किनारे खड़े एक पेड़ में टकरा गयी।

इसके बाद कार अनियंत्रित होकर आगे बढ़ी और बाइक सवार दोनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोहम्मद हुसैन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी बदरुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक भी दुर्घटना में घायल हुआ है। मोहम्मद हुसैन की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जाता है कि मृतक के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और दो बेटियां शामिल हैं। हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्टर – राजू सक्सेना
