‘दाने-दाने को मोहताज हो जाएंगे’, मऊरानीपुर में आग से 6 दुकानें तबाह, पीड़ितों ने मांगा मुआवजा:-

झाँसी: जनपद के मऊरानीपुर कस्बे के बीचो-बीच शनिवार सुबह आग ने बेरहमी से तबाही मचाई है। आज तकरीबन सुबह 7:30 बजे के लगभग मऊरानीपुर के बीच बाजार में दमेले इंटर कॉलेज से सटी हुई छोटी-छोटी कई दुकानों में अज्ञात कारणों से आग लग गई।कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कई दुकानों को अपनी जद में ले लिया। देखते ही देखते दुकानें धू-धू कर जल उठीं। दुकानदारों का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।
दमकल देर से पहुंची, 6 दुकानें खाक:-
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दमकल विभाग को सूचना देने पर भी गाड़ियां काफी देर बाद मौके पर पहुंचीं। तब जाकर आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक 6 दुकानें जलकर पूरी तरह राख हो चुकी थीं।
अब घर कैसे चलेगा:-
पीड़ित दुकानदारों ने बताया कि उनके सामने आजीविका चलाने का आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। “अब घर परिवार कैसे चलेगा, कहना बड़ा मुश्किल है। अगर प्रशासन ने हमारी कोई मदद नहीं की तो हम दुकानदार अब दाने-दाने को मोहताज हो जाएंगे,” एक पीड़ित ने कहा।
CM योगी से मुआवजे की मांग:-
पीड़ित दुकानदारों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विनम्रता पूर्वक मांग की है कि उन्हें सहयोग, मुआवजा एवं आर्थिक मदद जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाए जिससे उनके परिवार का भरण पोषण सुचारू रूप से हो सके। प्रशासन से आग के कारणों की जांच और त्वरित राहत की उम्मीद की जा रही है।
रिपोर्टर – मुकेश सिंह
