दलपतपुर में पूर्व सैनिकों का सम्मान समारोह, मुख्य अतिथि भगवान बक्श सिंह:-

अयोध्या: दलपतपुर में पूर्व सैनिकों के सम्मान में शिव मूरत सिंह व मोहम्मद मुनीर के तत्वाधान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय स्टेट बैंक ऑफिसर एसोसिएशन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भाजपा के वरिष्ठ नेता भगवान बक्स सिंह ने कहा कि सैनिक देश के कर्मधार हैं उनकी वीरता और साहस के बदौलत विश्व में भारतीय सैनिकों का नाम आदरपूर्वक लिया जाता है।
इनके शौर्य एवं पराक्रम के बल पर हम आप यहां स्वतंत्र रूप से अपना कार्य कर रहे हैं और सैनिक देश के प्रहरी के रूप में विषम परिस्थितियों में भी बॉर्डर पर तैनात होकर देश की रक्षा कर रहे हैं। इनका सम्मान कर हम गौरव की अनुभूति कर रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि पूर्व ब्लाक प्रमुख अशोक सिंह ने कहा कि पूर्व सैनिकों को समाज में और अधिक महत्व देने की आवश्यकता है ताकि हमारे युवा उससे प्रेरित होकर सेना में भर्ती होकर देश की रक्षा कर माता-पिता सहित गांव का नाम रोशन करें।
पूर्व सैनिको ने अपने संबोधन में सेवाकाल के दौरान विषम परिस्थितियों का जिक्र किया तो लोग सेना के साहस और पराक्रम की बात सुनकर स्तब्ध रह गए। मुख्य अतिथि भगवान बक्श सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख अशोक सिंह, पूर्व वरिष्ठ उप ब्लॉक प्रमुख जगदीश सिंह ने पूर्व सैनिकों को अंग वस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
रिपोर्टर – अभिषेक सिंह
