अधिवक्ताओं का आरोप: तहसील में भ्रष्टाचार हावी, रिश्वत के बिना नहीं होता काम:-

बिजनौर: जिला बिजनौर के धामपुर तहसील में फैले भ्रष्टाचार के विरोध में आज सोमवार को अधिवक्ताओं ने तहसील कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने तहसीलदार पऱ भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए तहसीलदार को हटाने की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद कुमार सैनी का आरोप है कि तहसील के नायब तहसीलदार अपने निजी वाहनों पर रुतबा दिखाने के लिए नियमों का उल्लंघन करते हुए लाल-नीली बत्ती और हूटर का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे आम लोगों को गुमराह किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारियों के कार्यालय में बैठने का कोई निश्चित समय नहीं है।

जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तहसील में भ्रष्टाचार इस कदर हावी हो गया है कि रिश्वत के बिना जनता का कोई काम नहीं हो रहा है। दाखिल खारिज के नाम पर अधिकारियों द्वारा अवैध वसूली की जा रही है। बार एसोसिएशन के अनुसार 17 फरवरी 2026 से अधिवक्ताओं ने तहसीलदार न्यायालय में न्यायिक कार्यों का बहिष्कार कर रखा है। अधिवक्ताओं का कहना है कि जब तक तहसीलदार का स्थानांतरण नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन क्रमिक रूप से जारी रहेगा।
रिपोर्टर – डॉ. शहनवाज़ बिजनौर
