दतिया: रातों-रात उखाड़ दिए सिंचाई लाइन के 5 बिजली पोल…

सिंचाई पर संकट: ठेकेदार के कर्मचारियों ने बिना सूचना उखाड़े 5 बिजली पोल, फसल सूखने से किसान परेशान:-

मध्य प्रदेश: दतिया जिले की भांडेर तहसील के ग्राम खिरिया फैजुल्ला में सिंचाई के लिए लगी बिजली लाइन के पांच पोल और लाइन को रातों-रात उखाड़ने का मामला सामने आया है। धान की रोपाई के बीच बिजली बंद होने से परेशान किसानों ने सोमवार को न्यू कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और तत्काल कार्रवाई की मांग की।

दतिया में भांडेर तहसील के ग्राम खिरिया फैजुल्ला के ग्रामीणों ने सोमवार को न्यू कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने शिकायत की कि गांव में सिंचाई के लिए लगी बिजली लाइन के पांच पोल एवं विद्युत लाइन को 6 जून की रात ठेकेदार के कर्मचारियों ने बिना सूचना के उखाड़ दिया। इससे किसानों के सामने सिंचाई का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

किसी के कहने पर की कार्रवाई:-

ग्रामीणों के अनुसार सुबह जानकारी मिलने पर जब किसानों ने संबंधित कर्मचारियों से संपर्क किया तो उन्हें बताया गया कि यह कार्रवाई किसी व्यक्ति के कहने पर की गई है। मामले की शिकायत 7 जून को गोदन थाना में भी दर्ज कराई जा चुकी है।

धान की नर्सरी सूखने का खतरा:-

ज्ञापन में किसानों ने बताया कि वर्तमान में धान की बुआई और रोपाई का कार्य तेजी से चल रहा है। कई किसानों ने धान की नर्सरी तैयार कर ली है, जबकि कुछ खेतों में रोपाई शुरू हो चुकी है। बिजली आपूर्ति बंद होने से ट्यूबवेल और पंप नहीं चल पा रहे हैं, जिससे फसल सूखने का खतरा पैदा हो गया है।

बिल जमा फिर भी बिजली गायब:-

ग्रामीणों का कहना है कि सभी किसान नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करते हैं और किसी पर भी बकाया नहीं है। इसके बावजूद अचानक बिजली लाइन हटाए जाने से न केवल खेती प्रभावित हुई है, बल्कि पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था भी संकट में पड़ गई है। भीषण गर्मी के बीच पेयजल और सिंचाई दोनों की समस्या बढ़ती जा रही है।

कलेक्टर से लगाई गुहार:-

ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि हटाए गए पोल और विद्युत लाइन को तत्काल पुनः स्थापित कराया जाए, बिजली आपूर्ति बहाल की जाए तथा मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

रिपोर्टर – विजय गोस्वामी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD